ग्राम पंचायत बस्ती बाराद्वार के सरपंच एवं सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. धीरेंद्र खूंटे ने जानकारी देते हुए बताया कि जयंती समारोह का शुभारंभ 22 दिसंबर, सोमवार को होगा। उद्घाटन कार्यक्रम में सक्ती जिले के प्रभारी मंत्री गुरु खुशवंत साहब जी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता जांजगीर-चांपा सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े करेंगी।
समारोह के दौरान सामाजिक समरसता, सद्भाव और गुरु घासीदास बाबा के “मनखे-मनखे एक समान” के संदेश को केंद्र में रखते हुए विविध सांस्कृतिक आयोजन किए जाएंगे। पंथी नृत्य, धार्मिक अनुष्ठान और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से बाबा के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
जयंती महोत्सव में जिले के कई जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक पदाधिकारी भी शामिल होंगे। आयोजन के तहत प्रतिदिन शाम 7 बजे ध्वजारोहण एवं चौका आरती तथा रात्रि 8 बजे से पंथी नृत्य व सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
आयोजक एवं सरपंच डॉ. धीरेंद्र खूंटे ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे इस तीन दिवसीय आयोजन में शामिल होकर गुरु घासीदास बाबा के सामाजिक-सांस्कृतिक विचारों से प्रेरणा लें और आयोजन को सफल बनाएं।
