बाथरूम की एस्बेस्टस शीट में छिपी 6 लीटर महुआ शराब बरामद, आरोपी जेल भेजा गया

Hrishi pens
By -
0

Sakti कलेक्टर सक्ती के निर्देश एवं प्रभारी जिला आबकारी अधिकारी के मार्गदर्शन में आबकारी वृत्त सक्ती द्वारा अवैध शराब कारोबार के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में दिनांक 11 फरवरी 2026 को गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम सोंठी थाना सक्ती निवासी फेकूराम सतनामी (पिता–अजबराम), उम्र 62 वर्ष, अपने घर में अवैध रूप से महुआ शराब रखकर बिक्री कर रहा है।

सूचना पर सहायक जिला आबकारी अधिकारी आशीष उप्पल ने तत्परता दिखाते हुए एक छद्म खरीदार को महुआ शराब खरीदने के लिए भेजा। छद्म खरीदार द्वारा शराब की बिक्री की पुष्टि होते ही आबकारी टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी के रिहायशी मकान की विधिवत तलाशी ली। प्रारंभिक तलाशी में घर के अंदर से शराब बरामद नहीं हो सकी।

तलाशी के दौरान घर के पीछे बने बाथरूम के पास महुआ शराब की गंध आने पर टीम ने बाथरूम की सूक्ष्म जांच की। जांच में पाया गया कि बाथरूम की एस्बेस्टस शीट में लकड़ियों की सहायता से छिपाकर 24 नग प्लास्टिक पाउच (प्रत्येक 250 मिली) कुल 6 लीटर महुआ शराब रखी गई थी। उक्त शराब को जब्त कर आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण कायम किया गया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल कर दिया गया है।

उक्त कार्रवाई सहायक जिला आबकारी अधिकारी आशीष उप्पल के नेतृत्व में की गई, जिसमें आबकारी आरक्षक संजीव भगत, परसराम कहरा, कमलेश यादव एवं भारती यादव का सराहनीय योगदान रहा।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)