एशियन वर्ल्ड स्कूल बाराद्वार में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया वार्षिक खेलकूद दिवस

Hrishi pens
By -
0

Baradwar नगर की अग्रणीय शिक्षण संस्थान एशियन वर्ल्ड स्कूल में वार्षिक खेलकूद दिवस बड़े उत्साह, उमंग और खेल भावना के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक रूप से मशाल प्रज्वलन के साथ हुई, जिससे पूरे परिसर में जोश और ऊर्जा का संचार हुआ। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने खेल शपथ (ओथ) ग्रहण कर निष्पक्ष एवं अनुशासित खेल भावना बनाए रखने का संकल्प लिया।

विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती हेमा विश्वास ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में खेलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास के लिए आवश्यक हैं, बल्कि यह अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना का भी विकास करते हैं। विद्यालय के निदेशक नीरज अग्रवाल एवं अभिषेक अग्रवाल ने भी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेलों को जीवन का अभिन्न अंग बताया और सभी प्रतिभागियों को श्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न कक्षाओं के लिए अलग-अलग रोचक एवं प्रतिस्पर्धात्मक खेलों का आयोजन किया गया। कक्षा 6 से 9 के विद्यार्थियों के लिए टग ऑफ वॉर, शॉट पुट थ्रो तथा रिले रेस आयोजित की गई। कक्षा 3 से 5 के विद्यार्थियों ने 100 मीटर रेस, क्रोकोडाइल रेस और स्किपिंग जंप प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लिया। कक्षा 1 एवं 2 के बच्चों के लिए लेमन रेस और 50 मीटर रेस आयोजित की गई। वहीं प्ले ग्रुप से नर्सरी तक के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने जलेबी रेस और बैलून रेस में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बालवाटिका 2 और 3 के बच्चों के लिए रेडी टू स्कूल तथा बुक बैलेंस रेस विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं।

सभी प्रतियोगिताओं में विजयी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र एवं विशेष पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि विद्यालय ने अभिभावकों को भी विभिन्न खेल गतिविधियों में शामिल कर आयोजन को और अधिक आनंदमय बना दिया।

उत्साह, उमंग और खेल भावना से ओत-प्रोत यह वार्षिक खेलकूद दिवस अत्यंत हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों के मन में नई ऊर्जा और सकारात्मकता का संचार किया।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)